OTHERS

खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह का जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने किया स्वागत

क्रिकेट को समर्पित मिनी स्टेडियम की उठी मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शनिवार को बक्सर जिले में क्रीड़ा प्रकोष्ठ के कार्यक्रम के अवसर पर बिहार सरकार की खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह का आगमन हुआ। उनके बक्सर आगमन पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ की प्रदेश महिला खेल संयोजिका एवं बक्सर जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्ष वर्षा पांडेय द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

 

इस अवसर पर वर्षा पांडेय ने माननीया मंत्री जी को एक ज्ञापन सौंपते हुए बक्सर जिले में क्रिकेट को समर्पित, आधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रिकेट मैदान/मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि बक्सर जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों वाले जिले में अब समय आ गया है कि क्रिकेट के लिए एक समर्पित एवं मानक सुविधाओं से युक्त मैदान उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय युवा, महिला एवं उभरते खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। श्रीमती पांडेय ने कहा कि बक्सर में खेल अवसंरचना लगातार मजबूत हो रही है और बिहार सरकार के सहयोग से जिले में एक बड़े स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो राज्य सरकार और खेल मंत्री की खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

उन्होंने विशेष रूप से बक्सर की बेटी सुश्री अनु चौधरी का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्लाइंड विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका यह प्रमाणित करती है कि बक्सर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभा मौजूद है, जिसे सही मंच और सुविधाओं की आवश्यकता है। मंत्री जी ने क्रीड़ा प्रकोष्ठ के कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बिहार सरकार द्वारा संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर क्रीड़ा प्रकोष्ठ से जुड़े पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बक्सर में खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त करने का संकल्प दोहराया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button