OTHERS

समाजसेवी सह पूर्व पार्षद रामइकबाल सिंह उर्फ़ मंत्री जी की पत्नी मानकी देवी का निधन, शोक की लहर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के कोइरपुरवा वार्ड की पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामइकबाल सिंह उर्फ मंत्री जी की धर्मपत्नी मानकी देवी का असामयिक निधन ब्रेन हेमरेज के कारण हो गया। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरा मोहल्ला और शहर शोकाकुल है। एक सक्रिय, स्वस्थ और सामाजिक जीवन जीने वाली महिला का इस तरह अचानक चले जाना हर किसी को स्तब्ध कर गया है।

 

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्व. मानकी देवी पूरी तरह स्वस्थ थीं और उन्हें किसी प्रकार की कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। वे प्रतिदिन सुबह नियमित रूप से वॉक किया करती थीं। नववर्ष के अवसर पर 1 जनवरी को वे बच्चों के साथ कई मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए गई थीं। इसके अलावा डिज्नीलैंड मेला, नाथ मंदिर सहित शहर के कई धार्मिक व मनोरंजन स्थलों पर भी परिवार संग समय बिताया था। अगले ही दिन 2 जनवरी को जब वे अपने घर की छत पर थीं, तभी अचानक उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया। परिजन और बच्चे उन्हें तत्काल सदर अस्पताल बक्सर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें एम्स पटना और फिर मेदांता अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो सका। अंततः 4 जनवरी को उन्होंने इस संसार को अलविदा कह दिया और ब्रह्मलोक को प्रस्थान कर गईं।

 

मानकी देवी के निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पति रामइकबाल सिंह उर्फ मंत्री जी समेत परिवार के सभी सदस्य मर्माहत हैं। उनके असामयिक निधन की खबर जैसे ही शहर में फैली, वैसे ही शुभचिंतक, रिश्तेदार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट करने लगे और परिवार को ढांढस बंधाया। परिवार के सदस्यों अक्षय कुमार सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, पारस नाथ सिंह उर्फ साधु जी, रमन सिंह समेत अन्य परिजनों ने स्व. मानकी देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक स्नेहमयी, धार्मिक एवं सरल स्वभाव की महिला बताया। सामाजिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी लोगों ने याद किया।

रामइकबाल सिंह उर्फ मंत्री जी ने जानकारी दी कि स्व. मानकी देवी की तेरहवीं संस्कार आगामी 16 जनवरी को संपन्न होगी। इस अवसर पर परिजन, शुभचिंतक एवं नगरवासी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। स्व. मानकी देवी का यूं अचानक चला जाना परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button