श्री रामेश्वर नाथ मंदिर में शंकर-पार्वती जी को महिलाओं ने लगाई हल्दी
आगामी 15 फरवरी को है महा शिवरात्रि, महिलाओं ने हल्दी रस्म के दौरान गाए मंगल गीत


न्यूज विजन। बक्सर
15 फरवरी को महाशिवरात्रि है। महाशिवरात्रि से पहले ही विश्वामित्र की नगरी बक्सर शिवमय दिखी। शिव-पार्वती विवाह को लेकर जिले में तैयारी शुरू हो गई है। शिव-पार्वती विवाह को लेकर मंदिरों में रस्में शुरू हो चुकी है। बुधवार को शहर के रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर में हल्दी का भव्य आयोजन किया गया। हल्दी के कार्यक्रम में सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मंदिर का परिसर पीले रंग के वस्त्रों से सुसज्जित भक्तों से पट गया था। सभी भक्त और श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती की भक्ति में लीन दिखे। मंदिर में पहले पूजा अर्चना की गई।
श्री रामेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की विवाह को लेकर हल्दी का रस्म रखा गया था। दिन के करीब 11 बजे सैकड़ों भक्त और श्रद्धालु भगवान शिव के भजन पर नाचते-गाते रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान हर-हर महादेव और भगवान भोले भंडारी के जयघोष से रामरेखा घाट का इलाका गूंज उठा। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद वहां मौजूद विद्वान पंडितों ने हल्दी की रस्म को संपन्न कराया। महिलाओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव और माता पार्वती को हल्दी चढ़ाई। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने जमकर हल्दी खेली। वहीं एक दूसरे को अबीर और गुलाल भी लगाया।
भगवान शिव-पार्वती की हल्दी के रस्म में महिला श्रद्धालुओं ने जमकर विवाह और हल्दी की गीत गाई। शिव के हल्दी लगाव, देहिया संुदर बनाव सखी…, शिव दुल्हा के माथे पर शोभे चंद्रमा… समेत अन्य पारंपरिक हल्दी की गीत से मंदिर का परिसर गूंज उठा। माता पार्वती के मंदिर और महादेव के मंदिर में हल्दी चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ गई थी। हर्षोल्लास के साथ हल्दी रस्म की अदायगी की गई। मंदिर का परिसर हर-हर महादेव से गूंजता रहा।





