श्री गौरी शंकर मंदिर परिसर में धूमधाम से संपन्न हुई भगवान चित्रगुप्त जी की पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मोहा मन



न्यूज़ विज़न। बक्सर
गुरुवार को शहर के सोहनी पट्टी स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर प्रांगण में भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की प्रतिमा स्थापित कर पूरे श्रद्धा एवं भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त पूजा समिति एवं कायस्थ संगम परिवार के सदस्यों द्वारा विधिवत पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।








कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण और पारंपरिक विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त जी की पूजा कर किया गया। समिति के संयोजक डॉ. दिलीप कुमार सिन्हा (गुरु लाल) ने बताया कि यह पूजा न केवल कायस्थ समाज के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए एकता और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को कई वर्षों से समाज के लोग मिल-जुलकर निभा रहे हैं। भगवान चित्रगुप्त न्याय और कर्म के प्रतीक हैं, और यह पूजा समाज में नैतिकता एवं सदाचार का संदेश देती है। पूजनोपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान चित्रगुप्त से समाज में सुख-समृद्धि और न्याय की कामना की।




शाम के समय मंदिर प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीत, नृत्य और कविताओं की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुजीत सिन्हा, सत्यराज सिन्हा, सुलालन लाल, बबलू श्रीवास्तव, सुधीर सिन्हा, जितेंद्र लाल, पप्पू लाल, सतीश सिन्हा, नवीन लाल, बिहारी लाल, मनोज लाल, नन्हे श्रीवास्तव, रमन लाल, पिंकी लाल, विमल लाल, रामेश्वर लाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में अपार उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर भक्ति के गीतों और “जय चित्रगुप्त महाराज” के जयघोष से गूंज उठा। अंत में समिति की ओर से सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार प्रकट किया गया और अगले वर्ष पुनः अधिक भव्य आयोजन का संकल्प लिया गया।

