OTHERS

सेवा, संस्कार और संवेदना की अमिट मिसाल थे स्व० रामसूरत राय

19वीं पुण्यतिथि पर स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट ने जरूरतमंदों के लिए चलाया जनकल्याण अभियान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में समाजसेवी स्वर्गीय रामसूरत राय की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों के लिए व्यापक जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऐप्टेक सह स्मृति कॉलेज परिसर में विधिवत पूजन के पश्चात स्व० राय के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

 

इस अवसर पर स्वर्गीय राय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर पारिवारिकजनों, समाजसेवियों एवं युवाओं के बीच भावपूर्ण चर्चा हुई। शिक्षाविद् सह समाजसेवी डॉ. रमेश कुमार ने स्व० राय को स्मरण करते हुए कहा कि वे “गुप्तदान–महादान” में विश्वास रखने वाले समाजसेवी थे। गरीबों एवं असहायों की शिक्षा और विवाह में सहायता करना उनका जीवन उद्देश्य था। समाज आज भी उन्हें एक आदर्श के रूप में देखता है और उनकी कार्य संस्कृति का अनुसरण करना वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक है। कार्यक्रम में डी.एस. ओझा ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को महापुरुषों और पूर्वजों के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ना, सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करना और उन्हें संस्कारवान बनाना ही मुख्य उद्देश्य होता है। वहीं डॉ. कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कारवान पीढ़ी ही समाज और राष्ट्र के सही निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। डॉ. उषा कुमारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आज के दौर में युवतियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। समाज और परिवार के निर्माण में एक आदर्श नारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

जरूरतमंदों के बीच कंबल, वस्त्र व खाद्य सामग्री का वितरण

पुण्यतिथि के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल, शॉल, साड़ी, जैकेट, टी-शर्ट एवं भोज्य पदार्थों का वितरण किया गया। सदर प्रखंड के पंडितपुर मुसहर टोली में वितरण के दौरान वहां के लोगों की दयनीय जीवन स्थिति देखकर डॉ. रमेश कुमार सपरिवार भावुक हो गए। क्षेत्र की गंदगी, अशिक्षा और जीवन-यापन की कठिन परिस्थितियों को देखकर उन्होंने कहा कि अभी भी जनप्रतिनिधियों और सरकार को ऐसे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए गंभीर प्रयास करने की आवश्यकता है।

पूर्वजों के अधूरे कार्यों को पूरा करना हमारा दायित्व

जिला बार एसोसिएशन बक्सर के पूर्व महासचिव सह वरीय अधिवक्ता शिव प्रकाश नारायण ने कहा कि पूर्वजों को याद कर उनके आदर्शों को आत्मसात करना और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बीते 19 वर्षों से डॉ. रमेश कुमार लगातार जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाजसेवा कर एक आदर्श प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, क्रीड़ा, समाजसेवा के साथ-साथ आध्यात्मिक क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय है। ईश्वरीय कृपा से ही इस प्रकार का सेवा भाव संभव हो पाता है और हर सामाजिक प्राणी को इसी भावना से कार्य करना चाहिए।

इन लोगों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में अजीत चौबे, दयाशंकर ओझा, डॉ. उषा कुमारी, विवेक आनंद, रोहित कुमार, राजेन्द्र, साक्षी, रश्मि, श्रेया, अनुप्रिया, आलोक, सोनल, आकांक्षा, शिवम्, जिज्ञासा, कृतिका, अनुराधा, सुप्रिया, महीप, राहुल, महफूज, आयान सहित दर्जनों लोगों ने स्व० रामसूरत राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button