एसडीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की बैठक, पराली जलाने व आगलगी रोकथाम पर सख्त निर्देश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शुक्रवार को बक्सर अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बक्सर, सभी कृषि समन्वयक सहित अनुमंडल क्षेत्र के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पराली जलाने की रोकथाम, हार्वेस्टर से कटाई का नियमन, गर्मी के मौसम में अगलगी की घटनाओं से बचाव एवं अन्य कृषि संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने क्षेत्र में कृषि से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी कृषि समन्वयकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को पराली जलाने से रोकें और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। साथ ही हार्वेस्टर मशीनों के संचालन को लेकर सख्ती बरतने को कहा गया। उन्होंने बताया कि सभी हार्वेस्टर का निबंधन अनिवार्य है तथा उनकी फिटनेस की नियमित जांच होनी चाहिए, क्योंकि कई बार मशीनों की खराब स्थिति के कारण भी खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि हार्वेस्टर चलाने वाले ड्राइवरों का सत्यापन किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे प्रशिक्षित एवं दक्ष हों। वहीं, सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए ताकि असामाजिक तत्वों द्वारा फसलों में आग लगाने की घटनाओं पर रोक लग सके। “रोको-टोको अभियान” चलाकर उन लोगों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया जो खेतों में बीड़ी-सिगरेट फेंक देते हैं, जिससे आग लगने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अग्निशमन पदाधिकारी को फसल कटनी के मौसम में फायर एक्सटिंग्विशर को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी कृषि सलाहकारों एवं कर्मियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि उनके पास अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग एवं संबंधित थानों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध रहें, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।





