बोलो प्यारे जय बजरंगी के जयघोष से गूंजता रहा शहर
जुलूस में शामिल युवाओं ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ दिखाएं हैरतंगज करतब


न्यूज विजन। बक्सर
मंगलवार को सुबह से ही माहौल भक्तिमय दिखा। हर कोई श्री हनुमान जी की भक्ति में लीन था। पूरे शहर में श्री महावीरी झंडा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। हनुमान मंदिर पर पूजा-अर्चना और प्रसाद चढ़ाने के लिए भक्तों की कतार लगी रही। दिन के ग्यारह बजे के बाद शहर के विभिन्न मुहल्लों से निकाले जाने वाले अखाड़ों पर बजरंगबली की पूजा अर्चना शुरू हो गई। हवन, शस्त्र पूजन व हनुमान जी का पताका फहराने के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद पगड़ी और सलामी की रस्म अदायगी की गई।
अखाड़ों पर महावीर जी की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल अखाड़े के सदस्य बोलो प्यारे जय बजरंगी, जय श्री राम का जयघोष करते हुए जुलूस में चल रहे थे। लगभग 3 बजे सभी अखाड़ा श्रीचंद्र मंदिर प्रधान अखाड़ा पर पहुंचे। वहां एकत्रित हो कर अखाड़े महावीरी रथ के साथ नगर भ्रमण पर निकल पड़े। जिस रथ पर बजरंगबली की मूर्ति रखी गई थी उसकी सजावट देखने लायक थी।
महावीरी रथ के साथ चल रहे युवाओं के चेहरे पर गजब का उत्साह, जोश और उमंग दिखा। सिर पर पीला, केसरिया रंग का साफा बांधे हाथ में तलवार, भाला, लाठी, फरसा आदि लिए बजरंगबली को जयघोष करते हुए चल रहे थे। हर चौक चौराहों पर पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए। गंदा भांज और वजन उठा लोगों को चकित कर दिया। यह सिलसिला शहर में देर रात तक चलता रहा।
श्री महावीरी झंडा महोत्सव में जुलूस के शक्ल में निकाली गई शोभायात्रा को देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सड़क के दोनों तरफ महिला और पुरुषों की कतार लगी थी। लोग बजरंगबली का दर्शन कर धन्य हो गये। वहीं अखाड़ा के सदस्य सभी दर्शनार्थी के बीच प्रसाद का वितरण कर रहे थे।
शहर के गोला बाजार, थाना रोड, अदालत गेट, पीपी रोड, उत्तरी ठठेरी बाजार, नव युवक संघ, ठठेरी बाजार, ठठेरी बाजार, रामरेखा घाट, मल्लाह टोली, हनुमान फाटक, जई मुहल्ला, बालक दल, महावीर स्थान तुरहा टोली, बड़ी बाजार, सिविल लाइंस अस्पताल मोड़, हनुमान नगर, सोहनी पट्टी, गजाधरगंज से अखाड़ा निकाली गई।
महावीरी झंडा में निकले जाने वाली शोभा यात्रा को लेकर प्रशासन सजग दिखा। हर चौक चौराहों पर पुलिस अधिकारी और जवानों की तैनाती की गई थी। वहीं हर अखाड़ा के साथ पुलिस पदाधिकारी व जवान चल रहे थे। यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक पुलिस तैनात किए गए थे। वहीं दिन के दो बजे के बाद शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया था।
मेन रोड स्थित बालक दल पूजा समिति अखाड़ा के डीजे संचालक को थाने में लगभग आठ घंटे तक प्रशासन द्वारा बैठाए जाने के विरोध में समिति के सदस्यों ने सड़क जाम कर दिया। शाम करीब पांच बजे डीजे संचालक को छोड़ें जाने के बाद जम हटा और महावीरी झंडा शोभा यात्रा निकाली गई।





