OTHERS

सावन महोत्सव की धूम : किड्स इंडिया प्ले स्कूल में बच्चों ने झूले और नृत्यों से सजाया सावन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित आदर्श नगर में स्वर्गीय शंकर दयाल सिंह स्मृति एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वाधान में संचालित किड्स इंडिया प्ले स्कूल परिसर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। स्कूल परिसर हरियाली, रंग-बिरंगी सजावट और बच्चों की चहचहाहट से गूंज उठा।


कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक आलोक कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सावन का महीना हरियाली, उमंग और श्रद्धा का प्रतीक होता है। इस माह में प्रकृति अपनी सबसे सुंदर छवि में होती है और साथ ही भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व होता है। बच्चों में इस संस्कृति के प्रति जागरूकता पैदा करना जरूरी है। कार्यक्रम की शुरुआत निधि, परी, वेद एवं सिद्धार्थ द्वारा प्रस्तुत “जय जय शिवशंकर…” भक्ति गीत से हुई, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात बच्चों ने “बोल बम का नारा बा…”, “चक धूम…” जैसे लोक व फिल्मी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

 

 

सावन झूले का बच्चों ने उठाया भरपूर आनंद

स्कूल परिसर में पारंपरिक सावन झूले लगाए गए थे। रंग-बिरंगे झूलों पर बच्चों ने सावन के गीतों की धुन पर झूमते हुए जमकर झूला झूला। हर बच्चा उल्लास और उत्साह से सराबोर दिखा। यह दृश्य किसी ग्रामीण मेले की याद दिला रहा था। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की शिक्षिकाओं में नंदनी कुमारी, सोनाली कुमारी, नीतू सिन्हा, मिक्की सिंह, जोया आदि ने भरपूर मेहनत की। बच्चों की प्रस्तुति में उनकी लगन और तैयारी साफ नजर आ रही थी। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रशासन ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। सावन महोत्सव का यह आयोजन बच्चों को न केवल सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने वाला रहा, बल्कि उनके मन में उत्साह, आनंद और सामाजिकता का संदेश भी छोड़ गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button