अनुसूचित टोला में सखी वार्ता : महिलाओं को मिला अधिकारों और सुरक्षा सेवाओं का संपूर्ण ज्ञान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सोमवार को चौसा प्रखंड अंतर्गत नरबतपुर गांव के अनुसूचित टोला में महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर से मिलने वाली सभी महत्वपूर्ण सेवाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, जिससे महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति अधिक सजग हो सकें।
सखी वार्ता में उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को कानूनी परामर्श, चिकित्सा सहायता, अल्प आश्रय सुविधा समेत 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन की उपयोगिता के बारे में बताया गया। इसके साथ ही बाल विवाह रोकथाम, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, यौन शोषण, मानव व्यापार, साइबर क्राइम सहित महिलाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर खुलकर संवाद किया गया। महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना डर के किस प्रकार सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
सखी वार्ता में वन स्टॉप सेंटर बक्सर से बंटी देवी (केंद्र प्रशासक), कुमारी साधना मानो (सामाजिक परामर्शी), अधिवक्ता रीमा कुमारी, मुकेश कुमार की सक्रिय भागीदारी रही। इसके अलावा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका एवं सहायिका भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने इस तरह की जागरूकता पहल को बेहद उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। सखी वार्ता का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना रहा, जिसमें स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।





