साबित खिदमत हॉस्पिटल में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मुफ्त इलाज व टीकाकरण शिविर आयोजित
मानवाधिकार एवं सामाजिक संस्थान के सहयोग से सैकड़ों मरीजों को मिला लाभ, गोल्डन कार्ड का भी हुआ वितरण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर साबित खिदमत हॉस्पिटल एवं फाउंडेशन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मानवाधिकार एवं सामाजिक संस्थान के सदस्यों, अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ ने मिलकर उत्साहपूर्वक इस दिवस को मनाया।
कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया गया। इसके साथ ही लोगों को मुफ्त वैक्सीनेशन (टीकाकरण) की सुविधा भी प्रदान की गई। स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कई जरूरतमंद लोगों को गोल्डन कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस साल भी विश्व स्वास्थ्य दिवस को पूरे उत्साह और समर्पण के साथ मनाया गया। केक कटिंग के बाद उन्होंने कहा कि यह दिन उन सभी संस्थाओं और स्वास्थ्यकर्मियों को समर्पित है, जो निरंतर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में जुटे हैं।
उन्होंने इस अवसर पर रेड क्रॉस और रोटरी परिवार के सभी सदस्यों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है। कार्यक्रम में राहुल कुमार, प्रमोद कुमार, सुनील कुमार, अरुण कुमार, प्रदीप राय, रवि कुमार, नारायण जी सहित कई गणमान्य लोग एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े व्यक्ति उपस्थित रहे। यह आयोजन न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बना।





