आरपीएफ को ऑपरेशन ‘सतर्क’ में बड़ी कामयाबी : ट्रेन के इंजन से 107 लीटर से अधिक शराब बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार
देर रात विशेष जांच अभियान में आरपीएफ–जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, बनारस-आरा पैसेंजर के इंजन में छिपाकर लाई जा रही थी शराब


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। 22 फरवरी की देर रात आरपीएफ बक्सर की टीम ने ट्रेन संख्या 63230 बनारस–आरा पैसेंजर के बीच वाले इंजन की जांच कर भारी मात्रा में शराब बरामद की तथा तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया।
आरपीएफ बक्सर से मिली जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर कुंदन कुमार को भरोसेमंद सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त ट्रेन के इंजन में शराब की खेप छिपाकर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर रात लगभग 23:35 बजे से 00:30 बजे तक BXR और TWG स्टेशन के बीच सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान इंजन में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई तथा मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान बरामद की गई शराब में रॉयल स्टैग व्हिस्की (750ml) – 23 बोतल, 8PM व्हिस्की (750ml) – 58 बोतल, मैजिक मोमेंट्स (750ml) – 28 बोतल, मैकडॉवेल्स नंबर 01 व्हिस्की (750ml) – 12 बोतल, ऑफिसर्स चॉइस टेट्रा पैक (180ml) – 95 पैक, इस प्रकार कुल 107.850 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 78,190 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार किए गए तीनों युवक पटना जिला के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं जिसमे गुनगुन कुमार (20 वर्ष), पिता स्व. रामबाबू राय, नया टोला देदौर, वार्ड नंबर 11, श्रवण कुमार (19 वर्ष), पिता रामदेव राय, संजय कुमार (19 वर्ष), पिता स्व. लालबाबू राय शामिल है।
टीम का नेतृत्व और संयुक्त कार्रवाई
इस विशेष अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर कुंदन कुमार (आरपीएफ बक्सर) ने किया। टीम में एसआई विजेंद्र मुआल, एएसआई उमेश राय, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी करण सिंह, आरक्षी डी.के. सिंह, आरक्षी बी.के. गौड़ सहित जीआरपी बक्सर की टीम भी शामिल रही।
एक और तस्कर 8 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार
इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में बक्सर स्टेशन से 8 लीटर शराब के साथ एक और तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान मार्शल पुजारी (25 वर्ष), पिता डबलू पुजारी, निवासी सोहनीपट्टी (गौरी शंकर मंदिर के पास), वर्तमान पता वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना नगर, जिला बक्सर के रूप में हुई है। आरपीएफ ने सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया है। “ऑपरेशन सतर्क” के तहत रेलवे परिसर में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





