CRIME

लूटपाट या रंजिश ? ई रिक्शा चालक के हाथ पैर बांधकर खेत में फेंका 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव के समीप मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के समीप सड़क किनारे जोनहरी के खेत में एक ई-रिक्शा चालक को हाथ-पैर बंधे और बेहोशी की हालत में पड़ा पाया गया। ग्रामीणों ने जब यह मंजर देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया।

 

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभु भगत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया। घायल की पहचान गुडू यादव (35 वर्ष), पिता विजय बहादुर यादव, निवासी बड़का खेत, थाना नरही के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुडू यादव सोमवार की रात करीब 8 बजे आखिरी बार घर से फोन पर बात किए थे, जिसके बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले, तो सड़क किनारे उन्हें एक युवक पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो गुडू के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और शरीर पर चोट के निशान थे। वह बेहोश पड़े थे और उनके पास से मोबाइल, नकद पैसा और ई-रिक्शा गायब था।

 

थानाध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। चोटों के कारण वह अभी बोलने में असमर्थ है। पुलिस ने मौके से कई अहम सुराग जुटाए हैं और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि यह मामला लूटपाट का परिणाम हो सकता है, हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसमें किसी पुरानी रंजिश की कड़ी तो नहीं जुड़ी है।

घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है, और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में उन्होंने किसी अज्ञात वाहन की आवाज सुनी थी। पुलिस अब आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान का दावा कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button