गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर डीएम ने रामरेखा घाट का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दिए कड़े निर्देश




न्यूज़ विज़न। बक्सर
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने सुरक्षा की दृष्टि से शहर के प्रमुख रामरेखा घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।






अधिकारियों ने डीएम को बताया कि फिलहाल गंगा का जलस्तर 56.56 मीटर दर्ज किया गया है, जो अब भी खतरे के निशान 60.32 मीटर से नीचे है। साथ ही यह जानकारी दी गई कि बनारस और प्रयागराज में भी गंगा का जलस्तर स्थिर हो गया है। स्थिति सामान्य होने के बावजूद श्रावणी मेला और संभावित भीड़भाड़ को देखते हुए एहतियातन व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने बक्सर अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी को श्रावणी मेला के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी घाटों की सफाई दुरुस्त करने का निर्देश भी नगर परिषद को दिया गया। जिला आपदा प्रबंधन शाखा के प्रभारी पदाधिकारी को आदेश दिया गया कि सोमवार तक रामरेखा घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ (SDRF) की विशेष टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत दी जा सके।

ब्रह्मपुर में भी होंगे पुख्ता इंतजाम
डीएम ने ब्रह्मपुर के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, नगर पंचायत ब्रह्मपुर के कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिहाज से हर संभव व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
नावों पर ओवरलोडिंग पर सख्ती
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गंगा में नावों पर किसी भी तरह की ओवरलोडिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैरिकेडिंग से लेकर कंट्रोल रूम तक होंगे इंतजाम
श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और उनकी सुरक्षा के लिए सभी प्रमुख घाटों पर बैरिकेडिंग करने, अस्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाने, चेंजिंग रूम बनाने और एक कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को दिया गया। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

