CRIME

राजपुर थाना क्षेत्र में प्लास्टिक बोरे में मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, इलाके में सनसनी 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर राजवाहा मुख्य पथ पर बुधवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब कीचड़ भरे एक सुनसान चाट से एक प्लास्टिक के बोरे में बंद महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। यह दिल दहला देने वाली घटना करीब ढाई बजे सामने आई, जब रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। जिज्ञासावश जब ग्रामीणों ने समीप जाकर देखा, तो उनके होश उड़ गए प्लास्टिक के बोरे में एक महिला की लाश ठूंसी हुई थी, जिसका एक पैर किसी जानवर द्वारा नोच लिया गया था।

 

सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की जानकारी तुरंत राजपुर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

हत्या की आशंका, कई दिन पुराना हो सकता है शव

प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को तीन-चार दिन पूर्व बोरे में बंद कर यहां फेंक दिया गया होगा। इस जघन्य वारदात की तह तक जाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के गांवों के चौकीदारों से महिला की पहचान कराने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

लगातार आपराधिक घटनाओं से सहमा इलाका

गौरतलब है कि राजापुर थाना क्षेत्र में बीते तीन चार दिनों से हत्या एवं दुर्घटनाओं की खबरों ने लोगों को दहशत में डाल रखा है। अब इस महिला के शव की बरामदगी ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। क्या यह कोई प्रेम प्रसंग का मामला है, घरेलू विवाद का अंत, या फिर किसी संगठित गिरोह की करतूत? थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस हर पहलु पर गंभीरता से जांच कर रही है।

इलाके में भय और आशंका का माहौल

इस दिल दहला देने वाली घटना से मनोहरपुर सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। महिलाएं और युवतियां विशेष रूप से सहमी हुई हैं। लोग पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी और पूरे मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। बक्सर जिले के इस शांत क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। क्या प्रशासन इन वारदातों पर जल्द काबू पाएगा या अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे? यह आने वाला समय बताएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button