CRIME

राजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, 5 जिंदा कारतूस बरामद

गुप्त सूचना पर हरपुर पंचायत के सिसराढ़ गांव में छापेमारी, पहले भी शराब मामले में जा चुका है जेल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हरपुर पंचायत के सिसराढ़ गांव से एक व्यक्ति को अवैध हथियार और कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि सिसराढ़ गांव में एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव में छापेमारी की, जहां से बृजकिशोर राम उर्फ किशोरी राम को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष शिवकुमार मंडल, एसआई वकार अहमद गौसी, अनीशा भारती, एएसआई प्रवीण कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

 

थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हथियार कहां से लाया था और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी शराब बेचने के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य संभावित कनेक्शन की भी जांच में जुटी हुई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button