OTHERS

रघुनाथपुर स्टेशन के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, रेल मंत्रालय तक पहुँची आवाज

शंभू चंद्रवंशी ने रेल अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन, स्टेशन आधुनिकीकरण, ट्रेनों के ठहराव और नई रेल लाइन की उठाई मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
19 मार्च को रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा रघुनाथपुर के संयोजक एवं भाजपा के प्रदेश सह-संयोजक (कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ) शंभू चंद्रवंशी ने नई दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय में संयुक्त निदेशक (ईडी कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा से मुलाकात कर रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन की मूलभूत समस्याओं एवं विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

 

इस दौरान उन्होंने स्टेशन के समग्र विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव सुनिश्चित कराने की दिशा में विस्तारपूर्वक चर्चा की। ज्ञापन में रघुनाथपुर स्टेशन के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए मांग की गई कि गोस्वामी तुलसीदास से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल के मुख्य भवन को वाराणसी की तर्ज पर मंदिरनुमा स्वरूप दिया जाए। साथ ही स्टेशन के मुख्य द्वार पर गोस्वामी तुलसीदास की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा, अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 20.5 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे विकास कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की गई। रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बलिया और आरा के बीच प्रस्तावित रेलमार्ग को रघुनाथपुर से जोड़ने का सुझाव दिया गया। इससे दूरी 61 किलोमीटर से घटकर मात्र 35 किलोमीटर रह जाएगी, जिससे समय और लागत दोनों में कमी आएगी। साथ ही भृगु आश्रम (बलिया) एवं बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ स्थान (ब्रह्मपुर) जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का सीधा जुड़ाव भी संभव हो सकेगा।

 

ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के रघुनाथपुर स्टेशन पर ठहराव की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। इनमें 15125/26 मंडुआडीह–पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, 12391/92 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 13005/06 हावड़ा–अमृतसर मेल (पंजाब मेल), 12369/70 कुम्भ एक्सप्रेस, 12327/28 उपासना एक्सप्रेस तथा 13237/38 एवं 13239/40 पटना–कोटा एक्सप्रेस शामिल हैं। साथ ही पटना से वाराणसी के बीच एक नई इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने एवं उसका ठहराव रघुनाथपुर में देने की मांग भी की गई। झारखंड के प्रमुख शहरों—रांची, धनबाद, टाटानगर एवं बोकारो—से चलने वाली ट्रेनों को बक्सर तक विस्तारित कर रघुनाथपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का भी प्रस्ताव रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं को बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ के दर्शन में सुविधा मिल सके।

इस दौरान रेल अधिकारियों के साथ सभी मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक बातचीत हुई, जिससे मांगों के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है। रघुनाथपुर शाखा के संयोजक शंभू चंद्रवंशी के इस प्रयास की सराहना करते हुए रेलयात्री कल्याण समिति, दानापुर रेल मंडल के महामंत्री शैलेश ओझा ने कहा कि समिति क्षेत्र के सभी स्टेशनों के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रेल सुविधाओं के विस्तार हेतु लगातार प्रयास जारी रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर निर्णायक संघर्ष भी किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे, जिनमें मनोज सिंह, अजय उपाध्याय, विंध्याचल शाही, भुवर सिद्दकी, विशाल सिंह, आनंद कुमार, रवि कुमार एवं राजू कुमार सहित अन्य लोग शामिल थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button