OTHERS

प्रगति यात्रा के दौरान सीएम ने दी जिले को बारह योजनाओं के लिए 1224.39 करोड़ की सौगात

संबंधित विभाग की ओर से जल्द ही निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी : डीएम 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

प्रगति यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने जिले में कुल 12 योजनाओ के लिए 1224.39 करोड़ की सौगात दी है। जिससे जिले की तस्वीर बदल जाएगी। मुख्यमंत्री ने हर क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए उन्होंने योजनाओं की घोषणा की है। शिक्षा से लेकर खेल क्षेत्र और सड़को में परिवर्तन दिखेगा। उक्त बातें सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल ने कही।

 

डीएम ने कहा कि इन योजनाओं को धरातल पर उतरते देर नहीं लगेगी। कैबिनेट की बैठक में इन बारह योजनाओं को मंजूरी मिल गई है। संबंधित विभाग की ओर से जल्द ही निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने योजनाओ के बारे में बताया कि बक्सर गोलंबर से ज्योति चौक भाया बस स्टैंड पथ के चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। उक्त कार्य 41 करोड़ 52 लाख 98 हजार 5 सौ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस योजना से जाम की समस्या खत्म होगी। रामरेखा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी। इसी तरह से बक्सर-कोइलवर तटबंध 51.72 किमी के दायरे में है। इस सड़क की चौड़ीकरण करते हुए कालीकरण तथा सुरक्षात्मक कार्य किया जाना है। इस पर 18126.863 लाख की राशि खर्च की जाएगी। वहीं जिलान्तर्गत उद्वह सिंचाई योजना सहित मलई बराज के जीर्णोद्धार और पंप हाउस निर्माण पर 20495.64 लाख रुपये की राशि मिली है। जिले के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। आईटीआई ग्राउंड को 4338.14 लाख की राशि खर्च कर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसमें खेल से संबंधित तमाम तरह की सुविधाएं उपलब्ध रहेगी, जिसका लाभ जिले के खिलाड़ियों को मिलेगा। भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां संगीत कॉलेज की स्थापना पर 1452.15 लाख की राशि खर्च होगी। डीएम ने बताया कि संगीत के क्षेत्र में यह राज्य का पहला कॉलेज होगा। डुमरांव स्थित हरियाणा फार्म पशुपालन विभाग की जमीन पर शिक्षा विभाग कॉलेज का निर्माण कराएगा। एनएच 922 से प्रखंड कार्यालय ब्रह्मपुर भाया बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य 1974.24 लाख की लागत से किया जाएगा। नगर परिषद, बक्सर क्षेत्र में आईटीआई ग्राउंड के पास 19 करोड़ 73 लाख 26 हजार की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। पथ प्रमंडल, बक्सर अंतर्गत भोजपुर-सिमरी पथ का चौड़ीकरण का कार्य 5197.50 लाख की लागत से किया जाएगा।

साथ ही उन्होंने बताया कि पथ प्रमंडल बक्सर में शहर के बड़ी मस्जिद से लेकर सेंट्रल जेल तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस योजना पर 3680.36 लाख रुपये खर्च किया जाएगा। धनसोई बाजार में जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। पथ प्रमंडल बक्सर अंतर्गत 2-लेन धनसोई बाइपास पथ का चौड़ीकरण व निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए 9824.90 की राशि स्वीकृत की गई है। बक्सर सदर, सिमरी में नये अंचल सह प्रखंड कार्यालय, चौसा, चौगाई एवं केसठ प्रखंड में प्रखंड सह अंचल कार्यालय सह आवासीय परिसर का निर्माण 16 करोड़ 62 लाख 10 हजार रुपये प्रति सदर प्रखंड और सिमरी तथा 30 करोड़ 74 लाख रुपये प्रति प्रखंड चौसा, चौगाई और केसठ में खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही एनएच 922 से यूपी के बलिया जिला एनएच 19 को जोड़ने वाले गंगा नदी पर निर्मित जनेश्वर मिश्रा पुल के पहुंचपथ का निर्माण 38676.95 लाख की राशि से कराया जाएगा। मौके पर डीडीसी डॉ महेंद्र पाल, एडीएम अनुपम सिंह, सदर एसडीओ धीरेंद्र मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button