अमेरिका के प्रोफेसर ग्रेग ने जन शिक्षण संस्थान का किया दौरा, प्रशिक्षणार्थियों से किया संवाद


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जन शिक्षण संस्थान में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्प्रे टैनिंग दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमेरिका के पेनसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर एवं हिंदी के विद्वान प्रोफेसर ग्रेगोरी गोल्डिंग (ग्रेग) ने भाग लिया और प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया।
प्रोफेसर ग्रेग ने बताया कि अमेरिका में लोग सुरक्षित तरीके से त्वचा को सुनहरा (ब्रॉन्ज) रंग देने के लिए स्प्रे टैनिंग का उपयोग करते हैं। यह दिवस धूप से मुक्त (Sunless) तरीके से सुरक्षित टैनिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं के नेतृत्व वाले ब्यूटीशियन उद्योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि अमेरिका में संस्कृत का अध्ययन 100 वर्ष से अधिक समय से तथा हिंदी लगभग 70 वर्षों से पढ़ाई जा रही है। भारत यात्रा के दौरान उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश की ग्रामीण संस्कृति को नजदीक से देखा और होली मिलन कार्यक्रम में भी भाग लिया।
इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान, बक्सर की ओर से उन्हें जूट से बनी पारंपरिक गुड़िया भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्थान के फाउंडर चेयरमैन निर्मल सिंह ने प्रोफेसर ग्रेग के हिंदी प्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके लगाव की सराहना की। कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सिंह, अविनाश कुमार, सुमन कुमारी, अनुदेशिका बिंदु एवं श्रुति श्रीवास्तव सहित अनेक प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।





