डाक कर्मचारियों का द्विवार्षिक अधिवेशन सम्पन्न, नए पदाधिकारियों का हुआ चुनाव
पोस्टमैन एवं पी-4 और ग्रामीण डाक सेवक संघ के नए अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष चुने गए; प्रांतीय नेताओं के ओजपूर्ण संबोधन से गूंजा मंच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रविवार को बक्सर प्रमंडल में अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ (पोस्टमैन एवं पी-4) तथा अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में आगामी सत्र के लिए नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया।
अधिवेशन के दौरान पोस्टमैन एवं पी-4 संघ के लिए गंगासागर को अध्यक्ष, इब्राहिम अंसारी को सचिव तथा बाबर अली को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं, अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के लिए अजीत तिवारी को अध्यक्ष, अजय बहादुर सिंह को सचिव और रामाशीष सिंह को कोषाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंचासीन प्रमुख अतिथियों में प्रांतीय सचिव कुंदन कुमार, मथुरा सिंह, पूर्व सचिव पी-3 के गोवर्धन सिंह, पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह तथा आरटीआई के क्षेत्र में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने अपने ओजपूर्ण एवं प्रेरणादायक संबोधनों से कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और संगठन की एकता एवं अधिकारों के लिए संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त पूर्व शाखा सचिव पी-3 के अरविंद कुमार राय, शैलेंद्र टुडू, विजय कुमार सिंह, रमाशंकर पांडे सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधान डाकघर के पी-3 के सचिव महेंद्र मिस्त्री द्वारा किया गया, जबकि सेंट्रल डिवीजन के सहायक डाक अधीक्षक नवीन कुमार ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। अधिवेशन के अंत में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा डाक सेवाओं को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।





