OTHERS

बक्सर फायर स्टेशन में पदोन्नति समारोह : 7 अग्निशमन कर्मियों को नई जिम्मेदारी, बढ़ा हौसला

न्यूज़ विज़न | बक्सर
जिला अग्निशमन कार्यालय, बक्सर के अंतर्गत 16 फरवरी को फायर स्टेशन बक्सर में पदोन्नति प्राप्त कर्मियों के सम्मान में एक गरिमामय पदोन्नति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के कुल सात अग्निशमन कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर पदोन्नति प्रदान की गई।

 

समारोह में चार फायर फाइटर को लीडिंग फायर फाइटर तथा तीन लीडिंग फायर फाइटर को सब ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया गया। पदोन्नति पत्र प्रदान करते हुए अधिकारियों ने सभी कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर विनोद कुमार यादव ने की। इस अवसर पर सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी बृज कुमार चौधरी, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी बक्सर सुनंदा कुमारी, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी डुमरांव शिखा कुमारी एवं सब ऑफिसर बुन्नी साव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अपने संबोधन में जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने नव-पदोन्नत कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ जिले की अग्निशमन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे तथा आपदा की हर स्थिति में तत्परता से कार्य करेंगे।

 

समारोह के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पदोन्नत कर्मियों की अब तक की सेवाओं की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के उपरांत सभी पदोन्नत कर्मियों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। पूरा वातावरण उत्साह, गर्व और सौहार्द से भरा रहा। यह समारोह न केवल कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि विभाग में बेहतर कार्य संस्कृति को भी प्रोत्साहित करने वाला साबित हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button