खेतों के बीच पुआल के ढ़ेर से मिली महिला की लाश… इलाके में मचा हड़कंप, हत्या की आशंका!


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अकबरपुर पंचायत के ओड़वार महादेवपुर मौजा में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेत की मेड़ पर घूमने निकले एक किसान की नजर धान की रौंदी हुई फसल पर पड़ी। शंका होने पर उसने आसपास देखा, तो पुआल का एक बड़ा ढेर असामान्य रूप से जमा दिखा। किसान ने जब पुआल हटाया, तो अंदर का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई भीतर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा था।
कुछ ही मिनटों में घटना की खबर क्षेत्र में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को यहां फेंका गया है, ताकि सबूत नष्ट किया जा सके। सूचना मिलते ही राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर गहन जांच शुरू कर दी है। महिला की उम्र लगभग 48 से 50 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या की आशंका बेहद मजबूत है। मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए एसएफएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया है। वैज्ञानिक जांच के बाद ही असली सच सामने आएगा कि महिला की हत्या कब, कैसे और किसने की।
घटनास्थल पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह ने इस दर्दनाक वारदात पर गहरी संवेदना व्यक्त की और ग्रामीणों से महिला की पहचान में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने आसपास के सभी थानों में महिला की तस्वीर भेज दी है ताकि उसकी पहचान जल्द हो सके। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्या से पूरा इलाका दहशत में है और लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। पुलिस कई कोणों से मामले की जांच कर रही है, लेकिन असली रहस्य के खुलासे का इंतजार सभी को है।





