पाथवेज वर्ल्ड स्कूल डुमरांव में फूड फेस्टिवल की धूम, बच्चों ने लगाए स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पूर्वी गुमटी, टेक्सटाइल कॉलोनी, बड़ा बाग रोड स्थित पाथवेज वर्ल्ड स्कूल, डुमरांव के प्रांगण में सोमवार को भव्य फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, रचनात्मकता और स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर इंजीनियर आर. राघवन एवं प्रिंसिपल डॉ. नेहा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन के पश्चात डायरेक्टर इंजीनियर आर. राघवन, प्रिंसिपल डॉ. नेहा सिंह तथा अन्य अतिथियों ने बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल का मुआयना किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान विद्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से ही बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। फूड फेस्टिवल में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने अपने-अपने स्टॉल पर मोमोज, पानी पुरी, चाऊमीन, फ्राइड राइस, पनीर चिल्ली, रॉयल पूरी, सेव पूरी, ब्रेड पकोड़ा, पास्ता, लिट्टी-चोखा, चाय-कॉफी, बेकरी आइटम, इडली, समोसा, आलू टिक्की, समोसा चाट सहित कई प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर लोगों को आकर्षित किया। बच्चों ने न केवल व्यंजन बनाए बल्कि ग्राहकों को आकर्षित करने और स्टॉल संभालने में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर डायरेक्टर इंजीनियर आर. राघवन ने कहा कि इस प्रकार के फूड फेस्टिवल से बच्चों को मनी मैनेजमेंट, नैतिक व्यवहार, टीम वर्क तथा व्यापार में लाभ-हानि की समझ विकसित होती है। यह आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ाने में भी सहायक होता है। फूड फेस्टिवल में भाग लेने वाले विद्यार्थियों में दिव्या, यशिका, सनाया शेख, अख्तर, अमरकांत, आयुष, अदिति, स्नेहा, शिवानी, सलोनी, निशा, सृष्टि, निखिल, बलवंत, अनुष्का, नीरज, सत्यम, सूरज, रवि, निशान, अंशु, अथर, आलिया, बबली, धनु, राजलक्ष्मी और सत्या सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में उत्साह, रचनात्मकता और आनंद का माहौल देखने को मिला। फूड फेस्टिवल के माध्यम से बच्चों ने न केवल अपने हुनर का प्रदर्शन किया बल्कि मनोरंजन के साथ-साथ नई चीजें सीखने का अवसर भी प्राप्त किया।





