त्याग और सेवा की मिसाल : पंडित मोहन तिवारी की 28वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि
“गरीबों के मसीहा” बाबा को याद कर नम हुईं आंखें, पूर्व विधायक संजय तिवारी बोले— उनके बताए रास्ते पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बाबा के नाम से चर्चित आजीवन कांग्रेसी, सबके दिलों पर राज करने वाले और गरीबों के मसीहा पंडित मोहन तिवारी की 28वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भावनाओं से ओत-प्रोत वातावरण में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने उन्हें नमन करते हुए उनके आदर्शों को याद किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंडित मोहन तिवारी हम सभी के गार्जियन थे। वे हर व्यक्ति की भलाई के लिए सदैव तत्पर रहते थे और समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने में बढ़-चढ़कर सहयोग करते थे। उन्होंने कहा कि हम सभी उनके त्याग और तपस्या को अपने जीवन में आत्मसात कर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास कर रहे हैं। उनके शिष्य एवं पूर्व प्रदेश सचिव कामेश्वर पांडे ने कहा कि पंडित मोहन तिवारी पूर्णतः मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण व्यक्ति थे। उनका न कोई दुश्मन था और न कोई विरोधी— उनका एकमात्र उद्देश्य था सबकी मदद करना और समाज की भलाई करना। उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर भी कभी संतोष नहीं किया, बल्कि सेवा को ही अपना धर्म मानते रहे। ऐसी महान आत्मा को वे बार-बार नमन करते हैं।
कार्यक्रम में चौसा प्रखंड अध्यक्ष राजा रमन पांडे, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ईश्वर चंद्र गुप्ता, इंजीनियर राम प्रसन्न द्विवेदी, इंटक नेता पप्पू पांडे, अभय पांडे, सत्यम, शुभम तिवारी, विवेक तिवारी, गुप्तेश्वर चौबे, वीरेंद्र चौबे, बबन उपाध्याय सहित कई गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





