CRIME

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में बक्सर पुलिस की सख्त कार्रवाई

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडे पट्टी गांव से जुड़ा एक मामला बीते कुछ दिनों पूर्व सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में एक युवक द्वारा किसी अन्य युवक के साथ जबरन जय श्रीराम बोलने और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो साझा किया गया था, जिससे सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। वीडियो के वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और स्थानीय स्तर पर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने इस प्रकरण की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक एवं साइबर थाना बक्सर के थाना अध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए। निर्देश के आलोक में साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने पुलिस के समक्ष यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में वह इस प्रकार की कोई भी आपत्तिजनक, भ्रामक या भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। युवक द्वारा अपनी गलती मानने और पश्चाताप व्यक्त करने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

इस संबंध में बक्सर साइबर थाना में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया, तथा क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर जिले से बाहर, यहां तक कि आगरा तक भी कार्रवाई की जाएगी। इधर, बक्सर पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। पुलिस का कहना है कि ऐसा कोई भी पोस्ट, वीडियो या टिप्पणी जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हों, किसी व्यक्ति, समाज या वर्ग विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचती हो, या जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो, उसे सोशल मीडिया पर साझा न करें।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की हरकत करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। बक्सर पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों एवं आपत्तिजनक सामग्री पर सख्ती से रोक लगाना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button