OTHERS

NH-922 पर रोज़ाना जाम से पटना-बक्सर मार्ग बेहाल, पुलिस की लापरवाही से बढ़ा हादसों का खतरा

बक्सर गोलंबर से टोल प्लाजा तक ट्रकों की अव्यवस्थित पार्किंग बनी बड़ी समस्या

न्यूज विज़न। विज़न
एनएच-922 पर पिछले कई दिनों से पटना-बक्सर मुख्य मार्ग गंभीर यातायात संकट से जूझ रहा है। बक्सर गोलंबर से लेकर टोल प्लाजा तक प्रतिदिन घंटों लंबा जाम लग रहा है, जिससे आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि रात के समय ट्रकों को दो से तीन लाइन में खड़ा कर दिए जाने से सड़क पूरी तरह जाम हो जा रही है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाती है।

 

रॉन्ग साइड से चलने को मजबूर वाहन, बढ़ रही दुर्घटनाओं की आशंका
लगातार लग रहे जाम की वजह से पटना-बक्सर लेन पर वाहन चालकों को रॉन्ग साइड से आना-जाना पड़ रहा है। इससे सड़क पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार आमने-सामने वाहनों के आ जाने से बड़े हादसे होते-होते बचे हैं, लेकिन जिम्मेदार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

 

प्रशासन के निर्देश बेअसर, जमीनी स्तर पर लापरवाही
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जिला प्रशासन और अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश है कि एनएच पर वाहनों को केवल एक लाइन में ही चलाया जाए और अवैध रूप से खड़े ट्रकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। बावजूद इसके, मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है।

 

लोगों की जान पर बन आई, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
जाम से परेशान लोगों का कहना है कि यह केवल असुविधा का मामला नहीं रह गया है, बल्कि अब लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। एंबुलेंस, स्कूली वाहन और रोजमर्रा के यात्री भी जाम में फंसकर घंटों परेशान हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ट्रकों की अव्यवस्थित पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, पुलिस की जवाबदेही तय हो और एनएच-922 पर स्थायी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाय।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button