न्यूज़ विज़न की दूसरी वर्षगांठ पर पर्यावरण योद्धा बिपिन कुमार हुए सम्मानित




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रियता और विश्वसनीयता की मिसाल बन चुका न्यूज़ विज़न सोशल मीडिया नेटवर्क (पोर्टल, फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम एवं एक्स) ने अपनी स्थापना के सफल दो वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस उपलक्ष्य में न्यूज़ विज़न द्वारा एक भव्य परिसंवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जो जिले की सामाजिक चेतना, पत्रकारिता और प्रेरणादायक कार्यों को समर्पित रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक संजय कुमार तिवारी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। वहीं, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, डुमरांव विधायक अजित कुशवाहा, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर तथा न्यूज़ विज़न के संपादक आलोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे।







जिले का नाम रौशन करने वाले 9 विभूतियों को किया गया सम्मानित

इस विशेष अवसर पर उन 9 विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कार्यों से जिले का नाम राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रौशन किया है। पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बिपिन कुमार को इस मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पर्यावरण योद्धा बिपिन कुमार: प्रकृति के प्रहरी
नाम: बिपिन कुमार
पिता का नाम: जितेंद्र कुमार सिंह
शिक्षा: स्नातकोत्तर
पेशा: शिक्षक
कार्यक्षेत्र: पर्यावरण सुरक्षा
संलग्नता: 11 वर्षों से ‘आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार’ संस्था से सक्रिय सदस्य
बिपिन कुमार पिछले एक दशक से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में समर्पित हैं। वे ‘पीपल-नीम-तुलसी अभियान’ के साथ भी गहराई से जुड़े हुए हैं और समाज के हर तबके से पौधारोपण को सामाजिक एवं धार्मिक संस्कारों में शामिल करने की अपील करते रहते हैं। उनका मानना है कि जब लोग दिल से पौधारोपण को अपनाएंगे, तभी पर्यावरणीय सुधार संभव हो सकेगा।
35 किमी पर्यावरण पदयात्रा बनी प्रेरणा का स्रोत
अगस्त 2024 में इन्होंने अपने गृह क्षेत्र धनसोई से बक्सर जिला मुख्यालय तक 35 किमी की पर्यावरण बचाओ पदयात्रा की। इस यात्रा में किसानों से ‘नीम संवाद’ कर उन्हें नीम के व्यावसायिक और औषधीय लाभ बताए। पदयात्रा के दौरान स्वागत फूलों की माला के बजाय नीम की पत्तियों से बनी माला से कराकर नीम की उपयोगिता को उजागर किया।
प्राप्त सम्मान एवं पुरस्कार
1. पर्यावरण योद्धा सम्मान – पीपल नीम तुलसी अभियान, पटना (20 अगस्त 2017)
2. आसा पर्यावरण सुरक्षा सम्मान – आसा संस्था (15 सितंबर 2018)
3. बाल उड़ान सह राष्ट्रीय सम्मान – दीदी जी फाउंडेशन, पटना (3 जनवरी 2021)
4. वर्ल्ड पीपल वॉरियर अवार्ड – इंटरनेशनल इनवर्नमेंट अवार्ड, लुंबिनी, नेपाल (28 नवम्बर 2021)
5. कलाम यूथ लीडरशिप अवार्ड – ख्वाब फाउंडेशन, पटना (27 जुलाई 2022)
6. पर्यावरण मित्र सम्मान – ग्लोबल नीम ऑर्गनाइजेशन, लखनऊ (6 अगस्त 2022)
7. राष्ट्रीय पर्यावरणसेवी सम्मान 2024 – गोदावरी देवी फाउंडेशन, रांची, झारखंड
8. पर्यावरण योद्धा हरित सम्मान व पर्यावरण सांसद उपाधि – राष्ट्रीय पर्यावरण संसद, भोपाल (20 अक्टूबर 2024)
न्यूज़ विज़न का यह आयोजन न केवल पत्रकारिता के प्रति निष्ठा को दर्शाता है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तित्वों को सामने लाने का मंच भी प्रदान करता है। बिपिन कुमार जैसे पर्यावरण संरक्षक आज के दौर में समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो अपने कर्म, विचार और समर्पण से आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।

