महदह में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत, आत्महत्या या साजिश?
मायके वालों का हत्या का आरोप, पति पर उठे सवाल; पुलिस बोली– लिखित शिकायत मिलते ही होगी कड़ी कार्रवाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महदह गांव में 20 वर्षीय नवविवाहिता नेहा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नेहा कुमारी की शादी वर्ष 2025 में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रहथुआ गांव से महदह निवासी शंकर कुशवाहा के साथ हुई थी। शनिवार की रात उसकी मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके पक्ष को सूचना दी कि नेहा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि जब वे वहां पहुंचे, तब तक शव को फंदे से उतारकर बिस्तर पर रख दिया गया था। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। नेहा के पिता भुनेश्वर महतो ने पुलिस से लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। उनका स्पष्ट आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और इसमें पति शंकर कुशवाहा मुख्य रूप से जिम्मेदार है।
पति विदेश से लौटा, दांपत्य संबंधों में था मनमुटाव
पुलिस के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही शंकर कुशवाहा कमाने के लिए विदेश चला गया था और हाल ही में वापस लौटा था। इस दौरान नेहा कुछ समय के लिए अपने मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि दंपत्ति के बीच मनमुटाव की बातें भी सामने आई हैं। कुछ दिन पहले ही शंकर उसे मायके से वापस अपने घर लेकर आया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि महज 20 वर्ष की उम्र में नेहा की जिंदगी खत्म हो गई? रविवार सुबह मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और न ही किसी को हिरासत में लेने की पुष्टि की गई है।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने यह जरूर कहा है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर हत्या की शिकायत दर्ज होने पर सभी संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सवाल जो जवाब मांग रहे हैं:-
क्या यह आत्महत्या है या हत्या?
शव को तुरंत फंदे से उतारने की क्या वजह थी?
पति के विदेश से लौटने के बाद ऐसा क्या हुआ?
क्या दांपत्य कलह ने लिया जानलेवा रूप?
फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लिखित शिकायत के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं परिजन न्याय की मांग पर अड़े हैं।





