दस थानों में नए थानाध्यक्ष : संजय कुमार सिन्हा बने डुमरांव थानाध्यक्ष, मधुबाला भारती महिला थानाध्यक्ष
डीआईजी के निर्देश पर एसपी शुभम आर्य ने 10 थानाध्यक्षों का किया स्थानांतरण




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में विधि व्यवस्था की सुदृढ़ता एवं प्रशासनिक कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बक्सर पुलिस प्रशासन में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। डीआईजी डेहरी ऑन सोन सत्य प्रकाश के मौखिक निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य द्वारा जिले के विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया गया है।






एसपी ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारी अविलंब अपने-अपने नवपदस्थापन स्थल पर योगदान करें एवं योगदान प्रतिवेदन समर्पित करें। यह स्थानांतरण जिले में विधि-व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए आवश्यक माना गया है। तबादला सूची में संजय कुमार सिन्हा को त्वरित विचरण कोषांग, पुलिस कार्यालय बक्सर से स्थानांतरित कर डुमरांव थाना के थानाध्यक्ष बनाए गए हैं। ज्योति कुमारी को पुलिस केंद्र से स्थानांतरित होकर सिमरी थाना की थानाध्यक्ष बनी हैं। अभय शंकर सिंह पुलिस केंद्र से स्थानांतरित कर उन्हें बगेन गोला थाना का प्रभार सौंपा गया है। योगेंद्र कुमार औद्योगिक थाना क्षेत्र से स्थानांतरित होकर नैनिजोर थाना की कमान संभालेंगे। चुनमुन कुमारी अब तक सिमरी थाना की प्रभारी थीं, अब उन्हें तिलक राय हाता थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


अमरेश कुमार ब्रह्मपुर थाना से स्थानांतरित होकर अब चक्की थाना का नेतृत्व करेंगे। रितेश कुमार दुबे पुलिस केंद्र से स्थानांतरित कर उन्हें धनसोई थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। संजय पासवान चक्की थाना से स्थानांतरित होकर राजपुर थाना के नए प्रभारी बनाए गए हैं। कनिष्का तिवारी अब तक महिला थाना की प्रभारी थीं, अब उन्हें वासुदेव थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मधुबाला भारती वासुदेव थाना से स्थानांतरित कर उन्हें महिला थाना का प्रभार सौंपा गया है। एसपी शुभम आर्य ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शीघ्रता से कार्यभार ग्रहण कर विधि व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखें।

