न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल में अंतर-विद्यालय टूर्नामेंट का भव्य आगाज, असजद और सत्यम बने स्टार खिलाड़ी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल, बक्सर द्वारा आयोजित वार्षिक अंतर-विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ हवाई अड्डा मैदान, बक्सर में उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह एवं अन्य शिक्षकों ने औपचारिक रूप से टूर्नामेंट की शुरुआत की।
विद्यालय के शिक्षक रितेश कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं खेल नियमों की जानकारी देते हुए खिलाड़ियों को निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से मोबाइल छोड़कर मैदान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य बच्चों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित करना और उनकी छुपी प्रतिभा को निखारना है।
रोमांचक मुकाबलों से गूंजा मैदान
प्रतियोगिता में कक्षा VI, VII, VIII एवं X के विद्यार्थियों की चार टीमों — जूनियर टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स जूनियर्स, सुपर स्ट्राइकर्स एवं स्कूल नाइट राइडर्स — ने भाग लिया। दर्शकों की भारी उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया।
पहला मुकाबला: रॉयल चैलेंजर्स जूनियर्स बनाम जूनियर टाइटंस
टॉस जीतकर जूनियर टाइटंस ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर्स जूनियर्स ने निर्धारित 8 ओवर में 93 रन बनाए। असजद अली ने शानदार 52 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जूनियर टाइटंस की टीम 65 रन पर ऑल आउट हो गई। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए असजद अली को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
दूसरा मुकाबला: स्कूल नाइट राइडर्स बनाम सुपर स्ट्राइकर्स
स्कूल नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 96 रन बनाए। राजकुमार ने 35 रन बनाकर टीम को मजबूती दी और 1 विकेट भी झटका। जवाब में सुपर स्ट्राइकर्स की टीम 83 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। हालांकि सुपर स्ट्राइकर्स के सत्यम कुमार ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 40 रन बनाए और 5 विकेट लेकर सभी का दिल जीत लिया। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया।
शानदार कमेंट्री और निष्पक्ष अंपायरिंग
मैच का आंखों देखा हाल अनुराग श्रीवास्तव और विनोद कुमार ने रोचक अंदाज में सुनाया, जिससे हर पल रोमांचक बन गया। अंपायर की भूमिका में विशाल अग्निहोत्री एवं शेखर सर मौजूद रहे।
विजेताओं का सम्मान
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में रितेश सर एवं विशाल सर का मार्गदर्शन सराहनीय रहा। विजेता टीमों को मेडल, ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और उत्साह की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही। हवाई अड्डा मैदान पर हुए इस रोमांचक टूर्नामेंट ने यह साबित कर दिया कि बक्सर के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है — बस जरूरत है सही मंच और प्रोत्साहन की।





