निहारिका छवि बनीं बक्सर की नई उप विकास आयुक्त, आकाश चौधरी का हुआ तबादला
जिले में तीन प्रमुख पदों पर महिलाओं की तैनाती


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल के तहत निहारिका छवि को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के रूप में पदस्थापित किया गया है। शुक्रवार को जारी अधिसूचना के बाद 2021 बैच की यह तेज-तर्रार आईएएस अधिकारी अब बक्सर में विकास कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक दायित्वों का नेतृत्व संभालेंगी।
इसके साथ ही वर्तमान उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें बेगूसराय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके कार्यकाल में कई विकासात्मक योजनाओं को तेजी मिली, वहीं अब निहारिका छवि से जिले को नई दिशा देने की अपेक्षा की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले दिनों बक्सर में मुख्य न्यायाधीश, जिलाधिकारी दोनों पदों पर महिलाओं की तैनाती की गई थी। अब उप विकास आयुक्त के रूप में भी महिला अधिकारी की नियुक्ति से जिला प्रशासन में तीन महत्वपूर्ण पदों पर महिला नेतृत्व स्थापित हो गया है। यह बक्सर के प्रशासनिक ढांचे में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
निहारिका छवि: पृष्ठभूमि और उपलब्धियां
निहारिका छवि मूल रूप से भोजपुर जिले की निवासी हैं। 2021 बैच की आईएएस अधिकारी। राज्य सरकार ने उन्हें 1 जनवरी 2025 को पदोन्नति प्रदान की थी। अपने पेशेवर व्यवहार, निर्णय क्षमता और प्रशासनिक कार्यकुशलता के चलते वे सुर्खियों में रही हैं।
बक्सर को मिलेगी नई ऊर्जा
स्थानीय प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि निहारिका छवि के आने से जिले के विकास और कल्याणकारी योजनाओं की रफ्तार में और तेजी आने की उम्मीद है। विशेषकर महिलाओं की भागीदारी व जनहित योजनाओं में उनके नेतृत्व से सकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना है।





