नवरात्रि पर बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन



न्यूज़ विज़न। बक्सर
नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार की देर शाम शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में रंगारंग डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन महिलाओं के लिए विशेष रूप से समर्पित था, जिसमें विद्यालय परिवार से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं और उत्साहपूर्वक डांडिया नृत्य में भागीदारी कर उत्सव का आनंद उठाया।








महोत्सव की विशेषता रही कि महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर उत्सव की शोभा को और भी बढ़ा दिया। मंच पर लयबद्ध संगीत की धुनों पर महिलाएं डांडिया नृत्य करते हुए उत्सव की भव्यता में चार चांद लगाती नजर आईं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विद्यालय की उप-निदेशिका उर्मिला सिंह ने बताया कि इस तरह का आयोजन केवल नृत्य और मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आपसी समरसता, सामाजिक मेलजोल और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व भारतीय संस्कृति का जीवंत प्रतीक है और इस अवसर पर महिलाओं को एक मंच पर लाकर एकता और सौहार्द का संदेश देना ही इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य रहा।




महोत्सव के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी उपस्थित महिलाओं और युवतियों के लिए जलपान और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे पूरे आयोजन में अपनापन और आत्मीयता का वातावरण बना रहा। डांडिया महोत्सव में न केवल विद्यालय परिवार से जुड़ी महिलाएं, बल्कि समाज की कई महिलाएं, युवतियां और गणमान्य अतिथि भी शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं व युवतियां मौजूद रहीं। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन की सराहना की और इसे विद्यालय की ओर से नवरात्रि पर्व की सांस्कृतिक महत्ता को बढ़ाने तथा सामुदायिक बंधन को मजबूत करने का एक सराहनीय प्रयास बताया।

