एमवी कॉलेज में ‘सामान्य हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन, 400 छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
प्राचार्य डॉ. कृष्णा कांत सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न कार्यक्रम, अगले सप्ताह घोषित होंगे परिणाम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर स्थित महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा शनिवार को ‘सामान्य हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ का भव्य एवं अनुशासित आयोजन किया गया। यह बौद्धिक प्रतियोगिता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) कृष्णा कांत सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में स्नातक (UG) एवं स्नातकोत्तर (PG) के विभिन्न संकायों और सत्रों से लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी भाषाई दक्षता और तार्किक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य प्रेरणास्रोत प्राचार्य डॉ. कृष्णा कांत सिंह ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल पाठ्य ज्ञान तक सीमित नहीं होते, बल्कि छात्रों की छिपी प्रतिभा और आत्मविश्वास को उजागर करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी अस्मिता का आधार है और महाविद्यालय प्रशासन सदैव रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार चौधरी ने प्राचार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह आयोजन संभव नहीं था। उन्होंने हिंदी को हमारी सांस्कृतिक पहचान बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर जोर दिया।
वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. छाया चौबे ने वर्तमान समय में हिंदी की प्रासंगिकता और शुद्धता पर प्रकाश डाला, वहीं डॉ. श्वेत प्रकाश ने प्रतियोगिता में छात्रों के अनुशासन और बढ़ती प्रतिस्पर्धा की सराहना करते हुए कहा कि “प्रतियोगिताएं व्यक्तित्व निर्माण का आधार होती हैं।” डॉ. अर्चना कुमारी ने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और उनके बढ़ते शैक्षणिक स्तर की प्रशंसा की। प्रतियोगिता के सफल संचालन में अन्य विभागों का भी सराहनीय योगदान रहा। दर्शन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रास बिहारी शर्मा, संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. रवि प्रभात एवं राजनीति शास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी ने आयोजन को सुव्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रश्नपत्र वितरण से लेकर परीक्षा कक्ष की अनुशासन व्यवस्था तक सभी कार्य उनकी देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
लगभग 400 प्रतिभागियों की गरिमामयी उपस्थिति से महाविद्यालय का वातावरण हिंदी के साहित्यिक और बौद्धिक रंग में सराबोर नजर आया। प्राचार्य डॉ. सिंह ने आयोजन टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह महाविद्यालय की शैक्षणिक सक्रियता और गुणवत्ता का प्रमाण है। प्रतियोगिता के परिणाम अगले सप्ताह घोषित किए जाएंगे, तथा चयनित मेधावी छात्रों को भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान महाविद्यालय के कर्मचारियों ने भी व्यवस्था संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वीडियो देखें :





