एमवी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य रहे प्रो. डॉ. रामाशीष सिंह का निधन, महाविद्यालय परिवार शोकाकुल
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर में शोकसभा आयोजित, शिक्षा व अनुशासन के प्रति समर्पण को किया गया याद


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर: महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के वरिष्ठ शिक्षक एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. रामाशीष सिंह का बुधवार की प्रातः लगभग 4 बजे 85 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही महाविद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. सिंह ने वर्ष 2007 में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी थीं। अपने लंबे शैक्षणिक जीवन में उन्होंने शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय योगदान दिया। वे अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और छात्रों के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद किए जाएंगे। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कृष्णा कान्त सिंह के नेतृत्व में परिसर में एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भाग लिया। सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. रामाशीष सिंह का निधन महाविद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी विद्वता, अनुशासनप्रियता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शोकसभा में सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. श्याम जी मिश्रा, डॉ. सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।





