OTHERS

एमवी कॉलेज में ‘95:95:99 अभियान’ के तहत एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम, क्विज में रिया कुमारी प्रथम

रेड रिबन क्लब बक्सर, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति व एम.एन.डी. फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को एचआईवी जांच, उपचार और रोकथाम के प्रति किया गया जागरूक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने तथा इसके रोकथाम से संबंधित जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से 24 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक देशभर में “95:95:99 अभियान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बक्सर जिले में भी विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में राष्ट्रीय एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन एवं बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के साथ रेड रिबन क्लब बक्सर और एम.एन.डी. फाउंडेशन के सहयोग से एमवी कॉलेज बक्सर के मानस सभागार में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से जुड़ी सही जानकारी देना, जांच के प्रति जागरूक करना तथा संक्रमित व्यक्तियों के समय पर उपचार और नियमित दवा सेवन के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं पूर्व ब्रांड एंबेसेडर सुंदरम कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए 95:95:99 अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक एचआईवी से संबंधित सही जानकारी पहुंचाना, लोगों को जांच कराने के लिए प्रेरित करना और संक्रमित मरीजों को नियमित उपचार से जोड़ना है, ताकि समय पर इलाज मिलने से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सके।

 

इस कार्यक्रम में बक्सर जिले के विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ विद्यार्थियों के बीच एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें एचआईवी/एड्स से संबंधित 50 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों को प्रश्नों के उत्तर देने के लिए 20 मिनट का समय दिया गया। क्विज प्रतियोगिता में एमसी कॉलेज चौसा की छात्रा रिया कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एमवी कॉलेज बक्सर के बख्तावर खान ने द्वितीय स्थान और शुभम कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुस्तक एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पंकज कुमार चौधरी ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. श्वेत प्रकाश ने किया। पूरा आयोजन रेड रिबन क्लब बक्सर के नोडल पदाधिकारी डॉ. रास बिहारी शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आयुष कुमार, विराज सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, सानिया खातून, रहमत खातून, अंशु कुमारी, रिया कुमारी, नीतू राय, खुशबू पांडे, खुशी दुबे, अंकिता कुमारी, अभिषेक कुमार गुप्ता, बंटी, संगीता कुमारी, सुंदरम कुमार, प्रियांशु, शुभम सहित कई विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और एचआईवी/एड्स से बचाव के उपायों की जानकारी प्राप्त की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button