आगामी शुक्रवार को मुंडन संस्कार को लेकर शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
मुंडन संस्कार को लेकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने वाहनों का तय किया रूट


न्यूज विजन। बक्सर
आगामी 27 फरवरी को मुंडन संस्कार में होने वाली संभावित भीड़ को लेकर अनुमंडल प्रशासन सजग है। शहर में यातायात को व्यवस्थित करने की रणनीति तैयार कर ली गई है। यातायात व्यवस्था बिगड़े नहीं इसको लेकर शहर में बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। सिर्फ दो पहिया वाहनों का ही परिचालन होगा।
मुंडन संस्कार को लेकर प्रशासन ने वाहनों के संचालन के लिए रूट का भी निर्धारण कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्योति चौक से थाना चौक, थाना चौक से नाथ बाबा पुल, थाना चौक से रामरेखा घाट, पीपी रोड एवं पुराना सदर अस्पताल तक केवल दो पहिया वाहनों के परिचालन की अनुमति दी गई है। इसी तरह मुनीम चौक से यमुना चौक, ठठेरी बाजार, थाना चौक, सिंडिकेट से यमुना चौक एवं थाना चौक तथा मठिया पुल से मुनीम चौक तक दो पहिया को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। 27 फरवरी की सुबह दो बजे से रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
वहीं चार पहिया वाहन के लिए भी रूट निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत चार पहिया वाहन का गोलंबर से सिंडिकेट, बाइपास रोड, ज्योति प्रकाश चौक, आंबेडकर चौक, इटाढ़ी गुमटी तथा इसी रास्ते ज्योति चौक से आईटीआई रोड, मठिया मोड़ एवं दानी कुटिया तक परिचालन होगा। जबकि, ई-रिक्शा गोलंबर से सिंडिकेट, बाइपास, ज्योति चौक के रास्ते स्टेशन तथा ज्योति चौक से आईटीआई रोड एवं नहर के रास्ते नाथ बाबा तक जा सकेंगे। ये गोलंबर से सिंडिकेट, बाइपास, ज्योति चौक होते हुए आंबेडकर चौक से बाजार समिति रोड होते हुए नई बाजार एवं मठिया मोड़ भी जा सकेंगे।
उक्त तिथि पर प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है। ट्रैक्टर, बस एवं पिकअप की पार्किंग के लिए हवाई अड्डा, गोलंबर एवं इटाढ़ी गुमटी के पास रेलवे मैदान का चयन किया गया है। वहीं चार पहिया एवं तीन पहिया वाहन के लिए सिंडिकेट, डीएवी मोड़ के आगे आईटीआई रोड पर, बाजार समिति ग्राउंड एवं किला मैदान को निर्धारित किया गया है। दो पहिया वाहन किला मैदान एवं वीर कुंवर सिंह चौक व ज्योति चौक सड़क के दोनों किनारे पार्क कर सकेंगे। रूट निर्धारण की इस व्यवस्था से रोगी, एंबुलेंस एवं अति आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है। कहा गया है कि ऐसे वाहनों के लिए नो इंट्री नहीं रहेगी। परीक्षार्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र रखने तथा रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को साथ में रेलवे टिकट लेकर चलने की सलाह दी गई है।





