OTHERS

अनुसचिवीय कर्मचारी संघ गोप गुट का धरना 21वें दिन भी जारी, 14 सितंबर को पटना में महारैली की तैयारी तेज

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
अनुसचिवीय कर्मचारी संघ (गोप गुट) बक्सर का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को लगातार 21वें दिन भी जारी रहा। धरना का नेतृत्व जिला मंत्री महेन्द्र प्रसाद ने किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार अब उदार रूख अपनाने लगी है। इसी क्रम में राज्य के शीर्ष नेताओं के साथ वार्ता भी हुई, लेकिन दुर्भाग्यवश इस वार्ता से कोई ठोस और स्पष्ट नतीजा सामने नहीं आ सका।

 

जिला मंत्री महेन्द्र प्रसाद ने कहा कि जब तक मांगों की पूर्ति नहीं होती, तब तक हड़ताल इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मुख्य मांग एनओपीएस (NOPS) के तहत पुरानी पेंशन योजना लागू करना है। इस मुद्दे पर सरकार की उदासीनता से कर्मचारी अब बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट चुके हैं। इसी सिलसिले में 14 सितंबर को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में एक विशाल महारैली का आयोजन किया गया है। इस रैली में पूरे बिहार के विभिन्न जिलों से आए कर्मचारी संगठन के लोग भारी संख्या में शामिल होंगे। महेन्द्र प्रसाद ने दावा किया कि यह रैली पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन की दिशा तय करने वाली साबित होगी।

 

धरना स्थल पर मौजूद समाहरणालय के कई साथियों ने भी बढ़-चढ़कर सदस्यता ग्रहण किया और आंदोलन को और मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि 14 सितंबर को पटना में आयोजित होने वाली महारैली में बक्सर जिले से अधिक से अधिक संख्या में कर्मचारी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। धरनास्थल पर कर्मचारियों ने कहा कि सरकार जितनी जल्दी उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी, उतनी ही जल्दी यह आंदोलन खत्म होगा, अन्यथा आंदोलन चरणबद्ध तरीके से और व्यापक रूप लेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button