अनुसचिवीय कर्मचारी संघ की हड़ताल 12वें दिन भी जारी, धरने पर अकेले डटे है महामंत्री महेंद्र प्रसाद



न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले में अनुसचिवीय कर्मचारी संघ का अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को लगातार 12वें दिन भी जारी रहा। अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे संघ के पदाधिकारियों को बुधवार को महासंघ के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया और आंदोलन को मजबूती देने का आश्वासन दिया।








संघ के महामंत्री महेंद्र प्रसाद ने महासंघ के समर्थन पर खुशी जताते हुए कहा कि हम अकेले बक्सर जिला के लिए काफी हैं। जब तक हमारी 10 सूत्री मांगों पर सरकार द्वारा सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक यह हड़ताल जारी रहेगा। महेंद्र प्रसाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान समय में लिपिकों के बीच भारी संशय की स्थिति बनी हुई है। कई लिपिक यह तय नहीं कर पा रहे कि वे किस गुट का साथ दें। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि बक्सर समाहरणालय के लिपिक मात्र योजना तक ही सीमित रह जाते हैं और टांय-टांय फिस्स होकर रह जाते हैं।




उन्होंने आगे कहा कि यह संघर्ष केवल वेतनमान या पदोन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों की गरिमा और उनके अधिकारों की रक्षा का भी आंदोलन है। सभा के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर से कहा कि हड़ताल पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी और कर्मचारियों के हक की लड़ाई अंतिम पड़ाव तक लड़ी जाएगी। सभा का समापन “लाल सलाम” के नारों के साथ हुआ।

