मैट्रिक टॉपर मेधावी छात्रा लक्ष्मी कुमारी को किया गया सम्मानित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
श्रीराम ओझा मेमोरियल ट्रस्ट के द्वारा मैट्रिक परीक्षा 2026 में पूरे बिहार में आठवां, जिले में तीसरा एवं प्रखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्रा लक्ष्मी कुमारी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से लक्ष्मी कुमारी को मेडल, प्रशस्ति पत्र, मेमेंटो, डायरी, पेन एवं घड़ी भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। यह सम्मान उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का प्रतीक है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
लक्ष्मी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होना है। ज्ञात हो कि लक्ष्मी कुमारी के पिता श्री रविन्द्र प्रसाद घुरुहपुर प्राथमिक विद्यालय में प्राचार्य हैं। इस सफलता में उनके माता-पिता एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेश ओझा ने कहा कि लक्ष्मी कुमारी ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में रहकर भी निरंतर परिश्रम एवं लगन के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि आने वाले समय में और अधिक प्रतिभाएं उभरकर सामने आएं।





