OTHERS

बक्सर में ‘शादी’ बनी ठगी का जाल : नकली दुल्हन और फर्जी पुलिस गिरोह का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार

कोर्ट मैरिज के बाद रस्म के बहाने गहने और नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन, पुलिस की तत्परता से गिरोह पकड़ा गया; 38,500 रुपये समेत जेवर और मोबाइल बरामद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर में शादी के नाम पर ठगी और लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नकली दुल्हन और फर्जी पुलिस बनकर सक्रिय एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 38,500 रुपये नकद, जेवरात, मोबाइल फोन और एक ऑटो बरामद किया गया है।

 

मामले की जानकारी देते हुए एसपी शुभम आर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी रमा देवी ने मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कोरान सराय थाना क्षेत्र के कलावती देवी और उनके पति रमेश गोंड ने उनके देवर की शादी कराने का झांसा देकर 7 अप्रैल को फरीदाबाद से बक्सर बुलाया। आरोपियों ने शादी के नाम पर पहले 50 हजार रुपये और गहनों की मांग की, लेकिन बाद में 40 हजार रुपये नकद और कुछ जेवर पर सौदा तय हुआ। 8 अप्रैल को रमा देवी के देवर विनय की शादी आरोपी दुल्हन नीतू के साथ कोर्ट में करा दी गई। शादी के बाद रस्म अदायगी के नाम पर दोनों पक्षों को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा गंगा घाट ले जाया गया। वहीं पर लड़के पक्ष ने दुल्हन को गहने भी सौंप दिए। लेकिन विदाई के दौरान अचानक दो युवक बाइक पर पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए सभी को थाना चलने की धमकी देने लगे।

 

इस दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दुल्हन समेत उसके साथ आए सभी आरोपी नकदी और गहने लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी। पुलिस ने सभी को मुफस्सिल थाना पहुंचाया, जहां लिखित आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में दुल्हन नीतू देवी (उजियार, बलिया), मीना देवी (मां), शिवबचन चौहान (पिता), सुनैना देवी (बहन), हैदर खां (नकली पुलिस), हाकिम चौहान (इटाढ़ी), कलावती देवी (कोरान सराय), जगजीवन चौहान (बरुना, औद्योगिक थाना) शामिल हैं। वही बरामद सामान में ₹38,500 नगद, सोने की एक जोड़ी बाली, पायल की एक जोड़ी, 5 मोबाइल फोन, एक ऑटो भी है। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, एसआई चंदन कुमार सहित पुलिस बल की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button