CRIME

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और लाखों की ठगी मामले में पीड़िता ने डीआईजी से लगाई न्याय की गुहार

कोलकाता के बेलाघाट थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद, बक्सर एसपी और शाहाबाद डीआईजी से मिली पीड़िता; अंतरराज्यीय समन्वय से जांच आरम्भ 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
होमगार्ड जवान अजय सिंह पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़िता सुजाता क्षेत्री ने कोलकाता के बेलाघाट थाना, सियालदह में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद पीड़िता न्याय की उम्मीद लेकर कोलकाता से बक्सर पहुंची और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पीड़िता ने एसपी को बताया कि आरोपी अजय सिंह ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और समय-समय पर उससे बड़ी रकम भी ऐंठ ली। जब उसने शादी की बात उठाई तो आरोपी ने मुकरते हुए संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद मजबूर होकर उसने कोलकाता में मामला दर्ज कराया। बक्सर पहुंचकर पीड़िता ने जिला होमगार्ड कमांडेंट बिनोद कुमार से भी मुलाकात की और आरोपी जवान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की। हालांकि, कार्रवाई में विलंब होने पर उसने शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्यप्रकाश से मिलकर अपनी आपबीती सुनाई और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई।
इस दौरान पीड़िता ने कहा कि उसे बिहार पुलिस के वरीय अधिकारियों से न्याय की पूरी उम्मीद है। उसने विश्वास जताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला अंतरराज्यीय होने के कारण पुलिस स्तर पर कोलकाता और बिहार पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं शाहाबाद डीआईजी सत्यप्रकाश ने पीड़िता को आश्वासन दिया कि बेलाघाट थाने से केस का विस्तृत विवरण ईमेल के माध्यम से मंगवाया जा रहा है। केस डिटेल प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि जांच प्रक्रिया कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।
वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button