ACCIDENT

गंगा के भागड़ में पलटी मजदूर महिलाओं से भरी नाव, 8 वर्षीय नेहा लापता – तैरकर बचीं दर्जनभर महिलाएं

सुबह खेत कटनी के लिए जा रही थीं महिलाएं, बीच धारा में हुआ हादसा; गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी, गांव में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
गंगा के भागड़ में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब मजदूर महिलाओं से भरी एक नाव अचानक बीच धारा में पलट गई। इस दर्दनाक घटना में जहां नाव पर सवार करीब एक दर्जन महिलाएं किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं, वहीं एक मासूम बच्ची पानी में लापता हो गई है।

 

घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं खेतिहर मजदूर हैं और रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र के नवरंग राय के डेरा गांव की निवासी हैं। वे रोज की तरह भागड़ के उस पार खेतों में लगी फसल की कटनी के लिए नाव से जा रही थीं। इसी दौरान जैसे ही नाव बीच धारा में पहुंची, अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद नाव पर सवार महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन अधिकांश महिलाएं तैरना जानती थीं, जिसके कारण उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचा ली। इसी बीच 8 वर्षीय मासूम नेहा कुमारी, पिता लालबाबू राम, गहरे पानी में डूब गई और लापता हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष अभिषेक पांडेय, सिमरी अंचल के राजस्वकर्मी प्रवीण कुमार, राजापुर पंचायत के मुखिया मदन राय और पूर्व मुखिया अंगद यादव मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत पानी में उतरकर लापता बच्ची की तलाश शुरू कर दी, लेकिन दोपहर तक कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। इसके बाद प्रशासन ने एनडीआरएफ टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, हालांकि खबर लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

इस हादसे के बाद नवरंग राय के डेरा गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है। लापता नेहा के परिजन बदहवास हैं और उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। वहीं, गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। गौरतलब है कि गंगा और उसकी सहायक नदियों में बिना सुरक्षा मानकों के नाव संचालन लगातार जारी है, जिससे इस तरह के हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाव पर सवार महिलाओं को तैरना नहीं आता, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल प्रशासन द्वारा बच्ची की तलाश जारी है और पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चिंता और गम का माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button