माई के संस्थापक स्व. संतोष पोद्दार की जयंती पर संस्था का विस्तार
महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी, तभी समाज में वास्तविक बदलाव संभव होगा : मीना सिंह


न्यूज़ विज़न। बक्सर
दिव्य भारत ट्रस्ट एवं महिला अधिकार इकाई (माई) के संयुक्त तत्वावधान में संस्था के स्थापना दिवस एवं संस्थापक स्व. संतोष पोद्दार जी की जयंती के पावन अवसर पर सिटी पैलेस मैरेज हॉल, ज्योति चौक, बक्सर में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय क्षेत्र की विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति रहीं, कार्यक्रम कि शुरुआत माई के राष्ट्रीय संयोजिका प्रियंका शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पेश किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मीना सिंह कुशवाहा ने की तथा मंच संचालन डॉ. हिंगमणि द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मीना सिंह कुशवाहा, डॉ. रासबिहारी शर्मा, डॉ. एस. एन. सिंह एवं डॉ. कन्हैया मिश्रा उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मीना सिंह कुशवाहा ने कहा कि महिला अधिकार इकाई महिलाओं को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी, तभी समाज में वास्तविक बदलाव संभव होगा। डॉ. रासबिहारी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज की प्रगति का मूल आधार है। उन्होंने महिला अधिकार इकाई द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
डॉ. एस. एन. सिंह ने कहा कि महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान—तीनों क्षेत्रों में समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने महिला अधिकार इकाई के प्रयासों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ बताते हुए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. कन्हैया मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला अधिकार केवल कानून तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि सामाजिक व्यवहार में भी दिखने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक चेतना का संचार होता है।

कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकार इकाई (माई) द्वारा वर्ष भर सबसे सक्रिय कार्यक्रमों में योगदान देने वाली सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शबनम प्रवीन, मीरा सिंह, रविता सिंह, संगीता पासवान, पिंकी देवी, रितु देवी, पूनम तिवारी, पूनम चौधरी सहित कई अन्य सदस्य शामिल रहीं। इसके साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें नीलम सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष, कामिनी सिंह को जिला उपाध्यक्ष, पिंकी देवी को जिला सचिव तथा शबनम को जिला संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में आयोजक मंडल की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया






