महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर में 16 मार्च को ओपन क्विज टेस्ट, सभी संकायों के छात्र ले सकेंगे भाग
स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की पहल — सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट छात्रों को मिलेगा पुरस्कार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में छात्रों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 16 मार्च, सोमवार को एक ओपन क्विज टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता महाविद्यालय के रूम नंबर–07 में आयोजित होगी।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस क्विज प्रतियोगिता में महाविद्यालय के सभी संकायों के सभी सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता का सिलेबस सभी विषयों के मूलभूत सामान्य ज्ञान पर आधारित रहेगा। क्विज टेस्ट वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसकी अवधि एक घंटा निर्धारित की गई है। परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रहेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया जाएगा। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं छात्रों के ज्ञान, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इस प्रतियोगिता के आयोजन में स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक प्राध्यापक डॉ. विरेन्द्र कुमार और डॉ. नवीन शंकर पाठक ने भी अपने विभाग के छात्र-छात्राओं से भाग लेने की अपील की है तथा प्रतियोगिता से संबंधित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।





