माघ पूर्णिमा पर सुजायतपुर में गूंजा आस्था और परंपरा का उत्सव, 80 फीट लंबा महाबीरी झंडा बना आकर्षण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
राजपुर प्रखंड के सुजायतपुर गांव में रविवार को माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत भव्य महाबीरी झंडा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर 80 फीट लंबे महाबीरी झंडे को हनुमान जी के प्रांगण से विधिवत पूजन के बाद उठाकर पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। झंडा भ्रमण के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना रहा।
महाबीरी झंडा भ्रमण में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों, जयकारों और भक्ति गीतों के बीच जैसे-जैसे झंडा गांव की गलियों से गुजरा, श्रद्धालु जय बजरंगबली के उद्घोष के साथ उत्साह में झूमते नजर आए। इस आयोजन में गांव के हर वर्ग के लोगों का सहयोग रहा, जिससे सामूहिक एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। परंपरा के अनुसार महाबीरी झंडा के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए। कुश्ती प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतियोगिता ने आयोजन को और भी रोचक व यादगार बना दिया।
इस मौके पर गांव के नित्यानंद सिंह (बीटू), अशोक सिंह (शिक्षक), अरविंद शर्मा, बिपिन सिंह, अभिषेक सिंह (चीटू), गुंजन सिंह, चुनमुन सिंह, रोहित सिंह, रविशंकर सिंह, अनिल सिंह मास्टर, पीयूष, नारायण सिंह, विनोद सिंह (गुड़ू), कृष्णबिहारी, गोल्डन सिंह, विकास सिंह, करिया, विनीत सिंह, बलू सिंह, मनोज खरवार, छोटक खरवार, निर्मल सहित अनेक ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों का कहना है कि महाबीरी झंडा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह गांव में आपसी प्रेम, सहयोग और सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन सुजायतपुर गांव के लिए गौरव और उल्लास का अवसर बना।





