CRIME

एम्बुलेंस में शराब की तस्करी का भंडाफोड़: 52 पेटी शराब के साथ चालक गिरफ्तार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस के जरिए हो रही शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है। सरेंजा मोड़ के समीप जांच के दौरान पुलिस ने एक एम्बुलेंस से भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।

 

फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ी गई एम्बुलेंस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की ओर से शराब की बड़ी खेप एम्बुलेंस में छिपाकर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध एम्बुलेंस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देकर सरेंजा की ओर भागने लगा। इसके बाद मुफस्सिल थाना की सूचना पर राजपुर थाना पुलिस ने सरेंजा मोड़ के पास घेराबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एम्बुलेंस को रोक लिया गया।

 

52 पेटी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
तलाशी के दौरान एम्बुलेंस से कुल 52 पेटी शराब, यानी करीब 452 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिले के सदीसोपुर निवासी रामबिलास प्रसाद के पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वह उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर पटना जा रहा था।

पूछताछ के बाद भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button