लेयर पोल्ट्री फार्मिंग में बक्सर के जयप्रकाश को बिहार में मिला दूसरा स्थान
बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना की ओर से बेगूसराय में आयोजित किया गया था राज्य स्तरीय डेयरी एंड कैटल एक्सपो


न्यूज विजन। बक्सर
बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना की ओर से बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय डेयरी एंड कैटल एक्सपो में बक्सर जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लेयर पोल्ट्री फार्मिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर की ओर से प्रदान किये गए वैज्ञानिक मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग से जिले के महदह गांव के प्रगतिशील किसान जय प्रकाश सिंह ने लेयर पोल्ट्री फार्मिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना की ओर से बेगूसराय में आयोजित इनोवेटिव फार्मर प्रतियोगिता में जयप्रकाश सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें मौके पर सूबे के मंत्री सुरेंद्र महतो ने पुरस्कार 31 सौ रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मौके पर सूबे के मंत्री सुरेंद्र महतो ने कहा कि बिहार में पशुपालन एवं डेयरी के क्षेत्र में अपार संभावना है। ऐसे प्रगतिशील किसानों का सम्मान अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है। केविके, बक्सर के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में जयप्रकाश सिंह ने उन्नत नस्ल चयन, संतुलित आहार प्रबंधन, टीकाकरण को अपनाया है। केविके के वरीय वैज्ञानिक डॉ देवकरन ने बताया कि केविके का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक सोच के साथ आत्मनिर्भर बनाना है। जयप्रकाश सिंह की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और समर्पण के साथ पोल्ट्री लेयर फार्मिंग में सफलता हासिल की है।
केविके, बक्सर के प्रमुख सह वरीय वैज्ञानिक डॉ देवकरन ने बताया कि जयप्रकाश सिंह ने बीते वर्ष में 37 लाख 8 हजार अंडा का उत्पादन किया है। इनके यहां कुल मुर्गी की संख्या 12 हजार 5 सौ है। प्रति मुर्गी-प्रति माह 19.95 लाभ प्राप्त होता है। इस तरह से वर्ष 2025 में 29 लाख 92 हजार 5 सौ रुपये का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि केविके, बक्सर की ओर से उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ ही समय-समय पर उनके फार्म हाउस का विजिट कर उचित मार्गदर्शन व सलाह वैज्ञानिकों द्वारा दी जाती है।





