कुशीनगर में भारत श्री अवार्ड 2025 से सम्मानित होंगे भरत शर्मा व्यास




न्यूज़ विज़न। बक्सर
भोजपुरी लोककला के पुरोधा माने जाने वाले जिले के प्रसिद्ध कलाकार भरत शर्मा व्यास को भारत श्री अवार्ड 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें आगामी 10 अगस्त (रविवार) को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय मिलन एवं सम्मान समारोह के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।






यह समारोह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला अंतर्गत म्यानमार बुद्ध विहार सभागार में आयोजित होगा। इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन प्रबुद्ध सोसाइटी, भिक्षु संघ, भारत श्री फाउंडेशन तथा भारतीय एक्युप्रेशर डॉक्टर फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी देते हुए आयोजक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि इस अंतर्राष्ट्रीय मिलन एवं सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले उन प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहचान बनाई है। इन सभी को संस्था की ओर से भारत श्री अवार्ड 2025 से नवाजा जाएगा। उन्होंने बताया कि भोजपुरी संस्कृति के प्रचार-प्रसार में दशकों से सक्रिय और साहित्य एवं लोकगीतों के माध्यम से जनमानस को जोड़ने वाले भरत शर्मा व्यास का चयन इस पुरस्कार के लिए सर्वसम्मति से किया गया है। उनके योगदान ने न केवल भोजपुरी भाषा को वैश्विक पहचान दिलाई, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई विषयों पर भी उनका लेखन प्रेरणादायी रहा है।
आयोजन में कई गणमान्य अतिथि रहेंगे मौजूद

आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ सम्मान समारोह भी होगा। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य अतिथि, विद्वान और कला-संस्कृति से जुड़े लोग भी मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें।

