केसरवानी वैश्य नगर सभा का 14वां पारिवारिक मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न, प्रतिभाओं और एकता का दिखा अद्भुत संगम
किला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिता और सम्मान समारोह ने बांधा समा; हजारों लोगों की भागीदारी, नई कार्यकारिणी का भी हुआ चयन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को बक्सर के किला मैदान में केसरवानी वैश्य नगर सभा द्वारा आयोजित 14वां पारिवारिक मिलन समारोह भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक समृद्धि और प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ योगेश्वरानंद जी, नगर अध्यक्ष गोपाल केसरी, उपाध्यक्ष राजेश केसरी, महामंत्री संतोष केसरी, कोषाध्यक्ष संतोष केसरी, जिला अध्यक्ष प्रमोद केसरी, कार्यक्रम अध्यक्ष गुप्तेश्वर केसरी, कार्यक्रम महामंत्री मनोज केसरी, बिहारी जी केसरी, दीनबंधु दास केसरी एवं ईश्वर चंद केशरी द्वारा महर्षि कश्यप के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इससे पूर्व सामूहिक हवन-पूजन आयोजित हुआ और नगर अध्यक्ष गोपाल केसरी के नेतृत्व में केसरवानी ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में महिला सभा के सदस्यों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया गया, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष गोपाल केसरी ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष प्रमोद केशरी, डॉ. रवि कुमार और डॉ. ओम प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। मंच पर जहां चम्मच दौड़, गणित दौड़, कुर्सी दौड़ जैसी रोचक प्रतियोगिताएं और बच्चों के रंगारंग नृत्य कार्यक्रम आयोजित हुए, वहीं दूसरी ओर लोगों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया। महिलाओं के लिए आयोजित म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सभी प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही, केसरवानी समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने मैट्रिक और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त बिहार के विभिन्न जिलों से आए अधिकारियों, बक्सर के गणमान्य व्यक्तियों और समाज के सक्रिय सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक वीरेंद्र केसरवानी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष अश्वत्थामा केसरी, उपाध्यक्ष विनय केसरी, पूर्व अध्यक्ष अशोक केशरी, मीडिया प्रभारी दीपक केशरी, नगर महिला अध्यक्ष रेखा केसरी सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। तरुण सभा के मोहन केसरी, ऋषभ केसरी, प्रीतम केसरी, प्रदीप केशरी, श्याम सुंदर केसरी, भोला केसरी, जगन्नाथ केसरी, कमलेश केसरी समेत हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों की भागीदारी ने आयोजन को भव्य बना दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष गोपाल केसरी ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को एकजुट करने और समरसता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज इसी तरह प्रगति करता हुआ देश के विकास में योगदान देता रहेगा। इस अवसर पर अगले सत्र के लिए नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिसमें मनोज केशरी को नगर अध्यक्ष, दीपक केशरी को महामंत्री और अनिल केसरी को कोषाध्यक्ष चुना गया। अंत में कार्यक्रम अध्यक्ष गुप्तेश्वर केशरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन किया।





