CRIME

धनसोई बाजार में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़ लाखों की चोरी से हड़कंप

थाना से महज 500 मीटर दूर वारदात, पुलिस गश्ती पर उठे गंभीर सवाल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय बाजार में अज्ञात चोरों ने ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह घटना धनसोई थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, बावजूद इसके पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

 

मिली जानकारी के अनुसार धनसोई बाजार में सुनील सेठ के पुत्र बिट्टू वर्मा की ‘मुंडेश्वरी ज्वेलर्स’ नामक दुकान संचालित है। रविवार की रात रोज की तरह दुकान बंद कर व्यवसायी अपने घर चले गए थे। सोमवार की सुबह आसपास के दुकानदारों ने जब दुकान का शटर टूटा देखा, तब इसकी सूचना दुकानदार बिट्टू वर्मा को दी गई। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर रखा कीमती सामान गायब है। पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोर करीब 4 किलो चांदी और लगभग 70 ग्राम सोना चोरी कर ले गए हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक पीड़ित द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद ही चोरी की वास्तविक मात्रा का सही आकलन हो पाएगा।

 

घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। एसडीपीओ गौरव पाण्डेय स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही है। इस घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। व्यापारी वर्ग में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस रातभर गश्ती करने और उसकी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर डालने में व्यस्त रहती है, लेकिन हकीकत यह है कि थाना के इतने पास इतनी बड़ी चोरी हो जाना पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि यदि नियमित और प्रभावी गश्ती होती तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट, रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन सवाल यह है कि जब थाना से चंद कदमों की दूरी पर चोर बेखौफ होकर बड़ी चोरी कर सकते हैं, तो आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है? यह घटना धनसोई पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button