जदयू का कार्यकर्ता सम्मान समारोह सह सदस्यता अभियान आयोजित
शहर के स्टेशन रोड स्थित गोयल धर्मशाला में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर के स्टेशन रोड स्थित गोयल धर्मशाला परिसर में रविवार को बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड (जदयू) द्वारा कार्यकर्ता सम्मान समारोह सह सदस्यता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिहार में पुनः एनडीए की सरकार बनने एवं श्री नीतीश कुमार के पुन: मुख्यमंत्री बनने की खुशी में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष जदयू सह विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रविंद्र सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व सांसद सीतामढ़ी रामकुमार शर्मा, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, जिला संगठन प्रभारी अभिषेक पटेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रविंद्र सिंह ने कहा कि बिहार में एनडीए की दोबारा सरकार बनना जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की दिशा में नई ऊंचाइयों को छुआ है। आने वाले समय में पार्टी संगठन को और मजबूत करते हुए गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। पूर्व सांसद रामकुमार शर्मा ने कहा कि जदयू की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी को मजबूती दी है।
जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को साझा करें : विधायक
वहीं राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला और डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाएं और जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को साझा करें। प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए नीतीश सरकार की योजनाएं पूरे देश में मिसाल बनी हैं। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर देते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने जिले में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी और कहा कि बक्सर जिला संगठन पूरी मजबूती के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटा है। जिला संगठन प्रभारी अभिषेक पटेल ने भी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड कार्यकारिणी के पदाधिकारी, जिला इकाई बक्सर के वरीय साथी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के दौरान समर्पित कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर परशुराम तत्वा, प्रिंस बजरंगी, संजय पटेल, सत्य प्रकाश तिवारी, जितेंद्र कुमार सिंह, आजाद सिंह राठौर, सीताराम सिंह, दुर्गावती देवी, प्रीति पटेल, हिंगमणि देवी, टूना राम, बबन चौधरी, विजय कुशवाहा, अरुण कुमार सिंह, फूटचंद कुशवाहा, संजय सिंह राजनेता, संतोष मिश्रा, अनुज तिवारी, राजाराम कुशवाहा, श्याम जी वर्मा, सुरेश चौहान, कमलेश गुप्ता, कृष्णा सिंह, सत्यानंद कुशवाहा, रमेश पासवान, सेराज अंसारी, काशीनाथ सिंह, विनोद ठाकुर, राजेश कुशवाहा, प्रभु गोड, संदीप ठाकुर, मोहित कुशवाहा सहित अनेक प्रमुख नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को तेज करने और आगामी चुनौतियों के लिए एकजुट होकर काम करने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया।
वीडियो देखें :





